नए साल से महंगी हो जाएंगी हुंडई मोटर इंडिया की गाड़ियां, 25,000 रुपये तक बढ़ेंगे दाम
नई दिल्ली । हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) द्वारा गुरुवार को अपने सभी मॉडल्स के दाम में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया। नई कीमतें 1 जनवरी से लागू होंगी। कीमतों में बढ़ोतरी की वजह इनपुट लागत का बढ़ना है।
कंपनी द्वारा जारी बयान में कहा गया कि कीमतों में बढ़ोतरी सभी मॉडल्स पर की जाएगी और अधिकतम 25,000 रुपये तक बढ़ाए जाएंगे। इनपुट लागत में वृद्धि, प्रतिकूल विनिमय दर और लॉजिस्टिक्स लागत में वृद्धि के कारण मूल्य वृद्धि आवश्यक हो गई है।
एचएमआईएल के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य परिचालन अधिकारी, तरुण गर्ग ने कहा, "हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड में हमारा प्रयास हमेशा बढ़ती लागत को यथासंभव हद तक वहन करने का होता है, जिससे हमारे ग्राहकों पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित हो सके।"
आगे कहा कि इनपुट लागत में निरंतर वृद्धि के कारण कीमतों में वृद्धि करना आवश्यक हो गया था। कीमतों में बढ़ोतरी 1 जनवरी, 2025 से लागू हो जाएगी।
2024 की अप्रैल से सितंबर अवधि में कंपनी ने कुल 3,83,994 यूनिट्स यात्री वाहन बेचे हैं। इसमें एसयूवी सेगमेंट के मजबूत योगदान के साथ घरेलू बाजार बिक्री 2,99,094 यूनिट्स की रही। इस दौरान कंपनी द्वारा 84,900 यूनिट्स का निर्यात किया गया है।
अकेले नवंबर में हुंडई मोटर इंडिया ने 61,252 यूनिट्स की कुल मासिक बिक्री दर्ज की। महीने के दौरान कंपनी की घरेलू बिक्री 48,246 यूनिट्स रही जबकि निर्यात बिक्री 13,006 इकाई रही।
वित्त वर्ष 25 की दूसरी तिमाही (जुलाई- सितंबर) में कंपनी के कंसोलिडेटेड मुनाफे में 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है और यह 1,375 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले साल समान अवधि में कंपनी को 1,628 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। मुनाफे में गिरावट की वजह घरेलू और निर्यात बाजार में कमजोर बिक्री होना है।
कंपनी ने कहा कि परिचालन से उसकी कंसोलिडेटेड आय 2024-25 की दूसरी तिमाही में 7.5 प्रतिशत घटकर 17,260 करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 18,660 करोड़ रुपये थी।
--आईएएनएस
Related Articles
Tata Safari EV: जनवरी 2027 में आ सकती है टाटा की नई इलेक्ट्रिक SUV, 600 किमी से ज्यादा रेंज की उम्मीद
Volkswagen Virtus Facelift: दिसंबर में लॉन्च हो सकती है नई सेडान, मिलेंगे बड़े डिजाइन अपडेट और नया ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
Hyundai Bayon: 26 अक्टूबर को लॉन्च होगी नई SUV, 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन और iVT गियरबॉक्स का मिलेगा विकल्प
Honda Elevate Facelift लॉन्च, कीमत ₹11.80 लाख से शुरू; 8-वे पावर्ड ड्राइवर सीट समेत मिले कई नए फीचर्स





























