Categories:HOME > Car >

जयपुर में आज से सच बेधड़क ऑटो एक्सपो 2026 का आगाज, नई गाड़ियों से लेकर सुपरबाइक्स तक दिखेगा रोमांच

जयपुर में आज से सच बेधड़क ऑटो एक्सपो 2026 का आगाज, नई गाड़ियों से लेकर सुपरबाइक्स तक दिखेगा रोमांच

जयपुर। ऑटोमोबाइल की दुनिया में दिलचस्पी रखने वालों और परिवार के साथ मनोरंजन का शानदार मौका तलाश रहे लोगों के लिए जयपुर में आज से खास आयोजन शुरू होने जा रहा है। नई कारों और दोपहिया वाहनों की पेशकश, सुपरबाइक्स का आकर्षण, विंटेज कारों की शान और सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों के साथ FADA Presents सच बेधड़क ऑटो एक्सपो 2026 का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। एक्सपो का उद्घाटन शुक्रवार को राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा जयपुर की प्रमुख हस्तियों और अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में करेंगे। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के सहयोग से आयोजित यह एक्सपो एंटरटेनमेंट पैराडाइज (EP), जयपुर के ईस्ट लॉन में सजेगा। तीन दिवसीय आयोजन में ऑटोमोबाइल सेक्टर की नई तकनीक, आधुनिक वाहनों और मनोरंजन से जुड़ी कई गतिविधियां देखने को मिलेंगी। प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक चलने वाले इस एक्सपो में 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। ऑटो एक्सपो में अलग-अलग कंपनियों की नई कारों और दोपहिया वाहनों के लॉन्च के साथ विशेष डील्स और आकर्षक ऑफर्स भी पेश किए जाएंगे। वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोग यहां विभिन्न मॉडलों को करीब से देख सकेंगे और उनकी खूबियों के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। अलग-अलग विकल्पों की तुलना करने के लिहाज से भी यह आयोजन उपयोगी रहेगा। एक्सपो में पात्र आवेदकों के लिए ऑन-द-स्पॉट ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा भी रखी गई है। जरूरी दस्तावेजों के साथ आने वाले लोग निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। गाड़ियों के शौकीनों के लिए एक्सपो का सबसे खास आकर्षण सुपरबाइक्स और क्लासिक कारों का प्रदर्शन होगा। जयपुर सुपर बाइकर्स क्लब के सदस्य अपनी शानदार बाइक्स के साथ आयोजन में शामिल होंगे। सुपरबाइक्स की दमदार बनावट और आकर्षक डिजाइन बाइक प्रेमियों का ध्यान खींचेंगे। वहीं, विंटेज कारों का प्रदर्शन पुराने दौर की ऑटोमोबाइल विरासत से रूबरू होने का अवसर देगा। क्लासिक गाड़ियों की बनावट, उनका शाही अंदाज और ऐतिहासिक आकर्षण दर्शकों के लिए खास अनुभव होगा। आधुनिक वाहनों और पुरानी क्लासिक कारों का यह संगम एक्सपो को और भी खास बनाएगा। इस आयोजन में मनोरंजन के साथ जिम्मेदार ड्राइविंग का संदेश भी दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की विशेष स्टॉल के जरिए लोगों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल तथा सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा वर्कशॉप और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि वाहन चलाते समय रोमांच के साथ अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। एक्सपो में आने वाले लोगों के लिए ‘किस्मत की चाबी’ नाम से विशेष गतिविधि भी आयोजित की जाएगी। इसके जरिए प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। पुरस्कारों में एलईडी टीवी और इलेक्ट्रिक स्कूटर जैसे इनाम शामिल हैं। इससे आयोजन में मनोरंजन और उत्साह का एक और रंग जुड़ने की उम्मीद है। ऑटो एक्सपो में खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी फूड कोर्ट तैयार किया गया है। यहां छोले-भटूरे, टिक्की-छोले, फालूदा और कुल्फी जैसे लोकप्रिय व्यंजनों के साथ इटालियन फूड का स्वाद भी चखने को मिलेगा। परिवार और दोस्तों के साथ घूमने आने वाले लोगों के लिए यह फूड कोर्ट आयोजन का एक अतिरिक्त आकर्षण होगा। सच बेधड़क ऑटो एक्सपो 2026 का आयोजन 23, 24 और 25 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रवेश टिकट की कीमत 25 रुपये रखी गई है, जिसे SB OTT ऐप के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है। नई गाड़ियों की जानकारी, विशेष ऑफर्स, सुपरबाइक और विंटेज कारों का प्रदर्शन, सड़क सुरक्षा जागरूकता, खानपान और पुरस्कार जीतने के अवसरों के साथ यह एक्सपो जयपुरवासियों के लिए ऑटोमोबाइल और मनोरंजन का खास अनुभव लेकर आया है।

@बिना पेट्रोल और डीज़ल के चलेगी भविष्य की यह कार

Related Articles

Bollywood

Astrology

Ajabgajab