भारत में BYD की एंट्री प्लग-इन हाइब्रिड से, जल्द लॉन्च होगा पहला DM-i मॉडल
चीनी कार कंपनी बीवाईडी जल्द ही भारतीय बाजार के लिए अपना पहला प्लग इन हाइब्रिड माडल लान्च करने वाली है। वर्तमान में BYD India के पास केवल इलेक्ट्रिक कारें ही हैं लेकिन दुनिया भर के बाजारों में कंपनी प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल भी बेचती है। हालांकि, अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि BYD कौन सा प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल भारत ला रहा है। BYD के टीजर में साफ तौर पर बताया गया है कि आने वाले मॉडल में कंपनी के DM-i सुपर प्लग-इन हाइब्रिड EV पावरट्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा। यहां DM-i का मतलब है ड्यूल-मोड इंटेलिजेंट। यह मुख्य रूप से प्लग-इन हाइब्रिड गाड़ी की खासियत को दिखाता है जहां एक साधारण इंजन और पूरी तरह से इलेक्ट्रिक सिस्टम दोनों मिलकर काम करते हैं।
भारत में आने वाला मॉडल
BYD ने अभी तक यह नहीं बताया है कि वह भारत में कौन सा DM-i प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल लॉन्च कर रही है। लेकिन इसकी मजबूत दावेदार Atto 2 DM-i हो सकती है। भारत में Atto 2 को लॉन्च करने की संभावना पर पिछले कुछ समय से विचार किया जा रहा है। यहां तक कि अगस्त 2025 में भारत के अंदर Atto 2 की टेस्टिंग गाड़ियां भी देखी गई थीं।
Atto 2 के फीचर्स और रेंज
विदेशों के बाजारों में Atto 2 प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ उपलब्ध हैं। इसमें 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेज पेट्रोल इंजन मिलता है जो कि 7.8kWh या 18kWh के बैटरी पैक के साथ आता है। 7.8kWh वाले वेरिएंट की कुल WLTP रेंज 928 किमी है। वहीं, बड़ी बैटरी वाला वेरिएंट 998 किमी की कुल रेंज देता है।


































