BMW ने भारत में बढ़ाई अपनी कीमतें, 3 प्रतिशत तक होगी बढ़ोतरी
भारत में बिजनेस करने वाली तमाम कंपनियां अपनी-अपनी गाड़ियों की कीमतों में इजाफा कर रही हैं। बीते कुछ दिनों से एक के बाद एक सभी कंपनी कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान कर रही हैं। इसी सिलसिले में आज जर्मनी की लग्जरी कार मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी बीएमडब्ल्यू ने भी अपने सभी गाड़ियों की कीमतों में इजाफा करने की घोषणा कर दी। बीएमडब्ल्यू इंडिया ने कहा कि वे अगले महीने से बीएमडब्ल्यू और मिनी कार सीरीज की कीमतों में 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेंगे।
ज्ञातव्य है कि कार मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी भी दूसरी कंपनियों की तरह इस साल दूसरी बार अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। बीएमडब्ल्यू ने एक बयान में कहा कि उनकी कारों की नई कीमतें 1 अप्रैल, 2025 से प्रभावी होंगी।
रेनॉ इंडिया ने भी किया गाड़ियों की कीमत बढ़ाने का ऐलान
बीएमडब्ल्यू से पहले गुरुवार को रेनॉ ने भी अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया था। फ्रांस की ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी रेनॉ ने भी 1 अप्रैल से अपने सभी मॉडल की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की। बताते चलें कि फरवरी, 2023 के बाद से रेनॉ इंडिया द्वारा घोषित ये पहला प्राइस हाइक है।
मारुति, हुंडई और किआ भी कर चुकी हैं दाम बढ़ाने की घोषणा
बताते चलें कि इनसे पहले मारुति सुजुकी, हुंडई, किआ और होंडा समेत और भी कई कंपनियों ने अपनी-अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इन सभी कंपनियों ने गाड़ियों की कीमत में बढ़ोतरी के पीछे बढ़ती लागत का हवाला दिया है। सबसे पहले मारुति सुजुकी ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जिसके बाद धीरे-धीरे सभी कंपनियां गाड़ियों के दाम बढ़ाने का ऐलान कर रही हैं। ये सभी कंपनियां 1 अप्रैल से ही अपनी गाड़ियों के लिए बढ़ी हुई कीमतें वसूलना शुरू कर देंगी।
सभी कंपनियां 1 अप्रैल से ही क्यों बढ़ा रही हैं गाड़ियों के दाम
ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट विकास योगी ने बताया कि कार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग पार्ट्स की कीमतों पर सप्लाई चेन जैसी कई वजहों से असर पड़ता है। कंपनियों द्वारा खरीदे जाने वाले पार्ट्स जब महंगे होते हैं तो वे इसका बोझ ग्राहकों पर डाल देती हैं, ताकि उन्हें नुकसान न उठाना पड़े। विकास ने बताया कि 1 अप्रैल से नए वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत हो रही है तो ऐसे में सभी कंपनियां नए वित्त वर्ष के साथ नए अकाउंट्स, नई बैलेंसशीट और नई स्ट्रेटजी के साथ काम करना शुरू करेंगी।
पुरानी कीमतों पर ही खरीद सकते हैं टाटा मोटर्स की कारें
वहीं दूसरी ओर, टाटा मोटर्स ने अभी तक अपने पैसेंजर कार की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान नहीं किया है। टाटा मोटर्स ने सिर्फ अपनी कमर्शियल गाड़ियों की कीमतों में ही बढ़ोतरी का ऐलान किया था। जहां एक तरफ लगभग सभी कंपनियां अपनी पैसेंजर कार की कीमतें बढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ टाटा मोटर्स ने अपनी गाड़ियों की कीमत में बढ़ोतरी करने का फैसला नहीं किया है।
Related Articles
Tata Safari EV: जनवरी 2027 में आ सकती है टाटा की नई इलेक्ट्रिक SUV, 600 किमी से ज्यादा रेंज की उम्मीद
Volkswagen Virtus Facelift: दिसंबर में लॉन्च हो सकती है नई सेडान, मिलेंगे बड़े डिजाइन अपडेट और नया ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
Hyundai Bayon: 26 अक्टूबर को लॉन्च होगी नई SUV, 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन और iVT गियरबॉक्स का मिलेगा विकल्प






























