घर पर ही इन पांच तरीकों से बाइक की करें ट्यूनिंग, नहीं लगाने पड़ेंगे सर्विस सेंटर के चक्कर
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली । बाइक में छोटी दिक्कत होने पर भी हमें सर्विस सेंटर के चक्कर लगाने पड़ते हैं जिसमें समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। बाइक की बेसिक ट्यूनिंग आप बेहद आसानी से घर पर ही कर सकते हैं। घर पर बाइक ट्यून करने से न सिर्फ गाड़ी की परफॉर्मेंस बेहतर होती है। आइए जानते हैं कि घर पर इसे कैसे कर सकते हैं। स्पार्क प्लग: स्पार्क प्लग बाइक का बहुत ही जरूरी पार्ट होता है और अगर इसमें कचरा जमा हो जाए तो बाइक स्टार्ट होने में दिक्कतें आ सकती हैं और माइलेज पर भी असर होता है। प्लग को टूल की मदद से बाहर निकालें। अगर इस पर कालापन दिख तो सैंड-पेपर या ब्रश की मदद से इसे साफ करें। प्लग का गैप सही रखें और वापस लगा दें। एयर फिल्टर की सफाई: बाइक के इंजन को सांस लेने के लिए साफ हवा चाहिए होती है जिसे गंदा एयर फिल्टर बाइक तक नहीं पहुंचने देता जिससे पेट्रोल की खपत बढ़ जाती है। इसके लिए बाइक का साइड पैनल खोलकर फिल्टर निकालें। अगर यह फोम का है तो इसे हल्के सर्फ के पानी या फिर पेट्रोल से धोकर सुखा लें। पेपर फिल्टर होने पर उस हवा से साफ करें या बदल दें। चेन की सफाई: सूखी या ढीली चेन बाइक के इंजन पर भारी दबाव डालत हैं जिससे पिकअप कम हो जाता है। पुरानी चेन को ब्रश और थोड़े से डीजल से साफ करें। साफ होने के बाद उस पर चेन ल्यूब या साफ गियर ऑयल लगाएं। ध्यान रखें कि चेन न तो ज्यादा ढीली हो और न ज्यादा टाइट। कार्ब्युरेटर और थ्रॉटल एडजस्टमेंट: अगर आपकी बाइक ट्रैफिक में बार-बार बंद हो जाती है या खड़े रहने पर तेज आवाज करती है तो इसकी आइडलिंग स्पीड सेट करने की जरूरत है। बाइक के कार्ब्युरेटर के पास एक छोटा से स्क्रू होता है। बाइक को स्टार्ट करें और इस स्क्रू को धीरे-धीरे घुमाकर ऐसी जगह सेट करें जहां इंजन बिना बंद हुए आराम से आवाज करे। टायर प्रेशर: टायर में हवा कम होने से इंजन पर लोड पड़ता है और माइलेज पर भी असर पड़ता है और 10 से 15% तक गिर जाता है। हफ्ते में एक बार घर पर या किसी भी नजदीकी पंप पर टायर प्रेशर जरूर चेक करें। ध्यान रहे कि ट्यूनिंग हमेशा बाइक को 5-10 मिनट चालू रखकर थोड़ा गर्म करने के बाद ही करें। इसके अलावा, इंजन ऑयल का लेवल समय-समय पर चेक करते हैं।


































