टाटा मोटर्स की एसयूवी ने बनाया बिक्री का नया रिकॉर्ड, नेक्सॉन–पंच से लेकर सिएरा तक जबरदस्त डिमांड
टाटा मोटर्स भारतीय एसयूवी बाजार में लगातार मजबूती से अपनी पकड़ बना रही है। एसयूवी लवर्स के दिलों में घर कर चुकी टाटा मोटर्स की नेक्सॉन और पंच जैसी गाड़ियों की रिकॉर्ड बिक्री ने यह साफ कर दिया है कि मल्टीपल ड्राइवट्रेन विकल्पों वाली टाटा एसयूवी की बाजार में जबरदस्त मांग है। हाल ही में लॉन्च हुई आइकॉनिक सिएरा की भी पहले ही महीने से धुआंधार बिक्री शुरू हो गई है और शोरूम में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। वहीं, हैरियर और सफारी के पेट्रोल वेरिएंट लॉन्च होने के बाद इन पावरफुल एसयूवी की डिमांड में और तेजी आई है। टाटा मोटर्स ने जनवरी 2026 में अब तक की सबसे ज्यादा 70,222 पैसेंजर कारों की बिक्री की है, जो सालाना आधार पर 46 फीसदी की ग्रोथ को दर्शाती है। जनवरी 2025 में कंपनी ने 48,075 पैसेंजर वाहन बेचे थे। एसयूवी के अलावा टाटा मोटर्स की टियागो, टिगोर, अल्ट्रोज और कर्व जैसी हैचबैक, सेडान और कूपे भी बाजार में मौजूद हैं, लेकिन बिक्री में सबसे ज्यादा योगदान एसयूवी सेगमेंट का रहा है। नेक्सॉन बनी टॉप सेलिंग एसयूवी जनवरी 2026 टाटा मोटर्स की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी नेक्सॉन के लिए शानदार रहा। सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सॉन की 31 दिनों में कुल 23,365 यूनिट बिकीं, जो सालाना आधार पर 52 फीसदी की बढ़ोतरी है। जनवरी 2025 में नेक्सॉन की 15,397 यूनिट बिकी थीं। नेक्सॉन पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन ऑप्शन में उपलब्ध है, जिससे इसकी लोकप्रियता और बढ़ी है। पंच की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल टाटा मोटर्स की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी पंच रही। हाल ही में लॉन्च हुए पंच फेसलिफ्ट को ग्राहकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। जनवरी 2026 में टाटा पंच की 19,257 यूनिट बिकीं, जो सालाना आधार पर 19 फीसदी की ग्रोथ है। जनवरी 2025 में पंच की 16,231 यूनिट की बिक्री हुई थी। सिएरा की दमदार वापसी टाटा मोटर्स की आइकॉनिक एसयूवी सिएरा ने भारतीय बाजार में शानदार वापसी की है। बिक्री शुरू होते ही पहले महीने में ही टाटा सिएरा की 7,003 यूनिट बिक गईं। पेट्रोल और डीजल इंजन ऑप्शन में आई यह मिडसाइज एसयूवी अपने स्टाइलिश डिजाइन और सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स के कारण ग्राहकों की पसंद बन रही है। हैरियर और सफारी की बढ़ी रफ्तार जनवरी 2026 में टाटा मोटर्स की पावरफुल मिडसाइज एसयूवी हैरियर की 3,711 यूनिट बिकीं, जो सालाना आधार पर 149 फीसदी की बड़ी ग्रोथ है। जनवरी 2025 में हैरियर की 1,488 यूनिट बिकी थीं। हाल ही में लॉन्च हुए पेट्रोल वेरिएंट ने इसकी बिक्री को नई रफ्तार दी है। वहीं, टाटा मोटर्स की 7-सीटर एसयूवी सफारी की जनवरी 2026 में 2,375 यूनिट की बिक्री हुई, जो 53 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी को दर्शाती है। पेट्रोल इंजन ऑप्शन के आने से सफारी की मांग भी लगातार बढ़ रही है।


































