Audi की सभी कारें होंगी महंगी, 1 जनवरी 2027 से 2% तक बढ़ेंगे दाम, मारुति और टाटा भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें
नए साल में लग्जरी कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अब ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ सकती है। जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी इंडिया ने अपने सभी मॉडल की कीमतों में 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। नई कीमतें 1 जनवरी 2027 से लागू होंगी। कंपनी ने इस फैसले के पीछे बढ़ती इनपुट लागत और कारोबार की दीर्घकालिक स्थिरता बनाए रखने की जरूरत को वजह बताया है।
ऑडी इंडिया ने क्यों लिया कीमतें बढ़ाने का फैसला?
ऑडी इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि ऑटोमोबाइल उद्योग लगातार महंगाई और बढ़ती लागत के दबाव का सामना कर रहा है। कंपनी ने इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कीमतों में बढ़ोतरी को यथासंभव सीमित रखने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती इनपुट लागत के कारण कंपनी अपने वाहनों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक संशोधन करने जा रही है। कारोबार की दीर्घकालिक स्थिरता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी है। कंपनी का मुख्य फोकस ग्राहकों को प्रीमियम ओनरशिप अनुभव उपलब्ध कराने और ब्रांड के प्रति उनका भरोसा बनाए रखने पर है।
ऑटो सेक्टर में कीमतें बढ़ाने का सिलसिला जारी
ऑडी इंडिया का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब देश की कई वाहन निर्माता कंपनियां अपनी कारों और अन्य वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी कर रही हैं। कंपनियों के मुताबिक, कच्चे माल, उत्पादन और परिचालन लागत में लगातार इजाफा होने से कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने भी अपने चुनिंदा मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी की नई कीमतें 22 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं। इसके तहत वाहनों की वॉल्यूम-वेटेड औसत कीमत में करीब 0.31 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
मारुति सुजुकी ने भी बढ़ती लागत और महंगाई को इस फैसले की प्रमुख वजह बताया था। हालांकि, कंपनी ने कहा कि उसने परिचालन दक्षता बढ़ाकर और अतिरिक्त लागत का कुछ हिस्सा खुद वहन करके ग्राहकों पर पड़ने वाले बोझ को कम करने की कोशिश की है। कंपनी ने 2026 के दौरान कई बार कीमतों में संशोधन किया है। सितंबर में भी चुनिंदा मॉडल की कीमतों में 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी।
टाटा मोटर्स ने भी बढ़ाए कमर्शियल वाहनों के दाम
टाटा मोटर्स ने भी अपने सभी कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 1 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की थी। कंपनी की ओर से यह संशोधन 1 अक्टूबर 2026 से लागू किया गया। इस तरह ऑटोमोबाइल बाजार में अलग-अलग सेगमेंट की वाहन निर्माता कंपनियां बढ़ती लागत के दबाव के बीच कीमतों में बदलाव कर रही हैं।
ऑडी इंडिया की नई घोषणा का असर लग्जरी कार खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों पर पड़ेगा। खासकर जनवरी 2027 में कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को नई कीमतों के अनुसार अपना बजट तैयार करना होगा।
Related Articles
Hyundai की कारें 1 दिसंबर से होंगी महंगी, ग्राहकों को चुकाने होंगे 8,000 रुपये तक ज्यादा; मारुति और ऑडी भी बढ़ा चुकी हैं दाम
Audi की सभी कारें होंगी महंगी, 1 जनवरी 2027 से 2% तक बढ़ेंगे दाम, मारुति और टाटा भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें
टेस्टिंग के दौरान दिखी Tata Punch Flex Fuel! 2027 ऑटो एक्सपो में हो सकती है पेश, जानें क्या होंगे बदलाव
5.75 लाख रुपये में मिलेगी 5-स्टार सेफ्टी वाली Tata Punch, 27 kmpl तक माइलेज और 6 एयरबैग्स से लैस है SUV
3-सिलेंडर vs 4-सिलेंडर इंजन: किस कार में मिलेगा ज्यादा माइलेज और बेहतर परफॉर्मेंस? फैमिली कार खरीदने से पहले जानें अंतर




























