कार की वायरिंग कुतर रहे चूहे! हो सकता है 1.20 लाख रुपये तक का नुकसान, इन 5 तरीकों से करें बचाव
कार चलाते समय अचानक चेक इंजन लाइट जलने लगे, सेल्फ स्टार्ट कमजोर हो जाए या एक्सीलेटर ठीक से काम न करे, तो इसकी वजह केवल तकनीकी खराबी नहीं होती। कई बार कार के इंजन वाली जगह में छिपे चूहे भी इन परेशानियों की वजह बन सकते हैं। चूहे कार की वायरिंग, रबर होज और प्लास्टिक कवर को कुतरकर बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं। कई मामलों में पूरी इंजन वायरिंग बदलने का खर्च 25,000 रुपये से लेकर 1.20 लाख रुपये से भी ज्यादा हो सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कार में चूहे क्यों घुसते हैं और उनसे वायरिंग को बचाने के लिए कौन-से तरीके अपनाए जा सकते हैं। कार चलाने के बाद इंजन कई घंटों तक गर्म रहता है। यह गर्म जगह चूहों को ठंडी रात और बाहर मौजूद कुत्तों-बिल्लियों जैसे शिकारियों से बचने के लिए सुरक्षित ठिकाना बन जाता है। अगर उन्हें यहां छिपने की जगह और कुतरने के लिए केबल मिल जाएं, तो वे बार-बार उसी कार में लौट सकते हैं।
ये तरीके अपनाएं
कड़वे रैट रिपेलेंट स्प्रे का करें इस्तेमाल
कार की वायरिंग को चूहों से बचाने के लिए ऑटोमोटिव रैट रिपेलेंट स्प्रे एक पॉपुलर और किफायती ऑप्शन है। इनमें डेनाटोनियम बेंजोएट जैसे बेहद कड़वे केमिकल कंपाउंड हो सकते हैं। स्प्रे सूखने के बाद वायरिंग, रबर होज और प्लास्टिक पाइप पर एक ऐसी परत छोड़ता है, जिसका स्वाद चूहों को पसंद नहीं आता। इसका इस्तेमाल करने से पहले इंजन वाले एरिया को ड्राई-वॉश या वॉटरलेस फोम क्लीनर से साफ करें। इंजन पूरी तरह ठंडा होने के बाद खुले तारों, फायरवॉल इंसुलेशन पैड और व्हील आर्च के आसपास स्प्रे करें। इसे कुछ घंटे सूखने दें। बेहतर सेफ्टी के लिए हर दो से तीन महीने में दोबारा इस्तेमाल करें। तेज बारिश या मानसून के दौरान स्प्रे धुल सकता है, इसलिए जरूरत के अनुसार इसे फिर लगाएं।
अल्ट्रासोनिक रैट रिपेलेंट और स्ट्रोब लाइट
अल्ट्रासोनिक रैट रिपेलेंट एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसे कार की 12V बैटरी से जोड़ा जा सकता है। कुछ डिवाइस रिचार्जेबल बैटरी पर भी काम करते हैं। ये आमतौर पर 20 से 65 किलोहर्ट्ज की हाई-फ्रीक्वेंसी आवाज निकालते हैं, जो इंसानों को सुनाई नहीं देती, लेकिन चूहों के लिए असहज हो सकती है। कुछ डिवाइस में फ्लैशिंग LED स्ट्रोब लाइट भी होती हैं। अचानक चमकने वाली रोशनी इंजन वाली जगह को चूहों के लिए कम सुरक्षित महसूस करा सकती है। डिवाइस खरीदते समय लो-वोल्टेज बैटरी प्रोटेक्शन जरूर देखें, ताकि कार की बैटरी का वोल्टेज 11.8V से नीचे जाने पर यह अपने आप बंद हो जाए। हालांकि, चूहे समय के साथ इन आवाजों के अभ्यस्त हो सकते हैं, इसलिए इसे स्थायी समाधान न समझें।
स्टेनलेस स्टील मेश से रास्ते बंद करें
चूहों को कार में घुसने से रोकने के लिए फिजिकल बैरियर भी उपयोगी है। वे AC के फ्रेश एयर इनटेक और इंजन एयर इनटेक के रास्ते अंदर पहुंच सकते हैं। इसके बाद केबिन फिल्टर, एयर डक्ट और डैशबोर्ड के पीछे मौजूद वायरिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे रास्तों पर बारीक स्टेनलेस स्टील वायर मेश लगाई जा सकती है। चूहे स्टेनलेस स्टील को आसानी से कुतर नहीं सकते। बाजार में कुछ पॉपुलर कारों के लिए कस्टम मेश किट भी उपलब्ध हैं। इन्हें AC इनटेक और निचले इंजन कवर जैसे एंट्री वाले जगहों पर लगवाया जा सकता है।
पुदीने के तेल और तंबाकू की पोटली का ऑप्शन
कुछ कार मालिक प्राकृतिक तरीकों से भी चूहों को दूर रखने की कोशिश करते हैं। कच्चे तंबाकू की पत्तियों को छोटे कपड़े के पाउच में रखकर सस्पेंशन स्ट्रट और बैटरी ट्रे के आसपास टांगा जा सकता है। इसकी तेज गंध चूहों को परेशान कर सकती है। इसी तरह, पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल में भीगी रुई को इंजन वाली जगह के कोनों में रखा जा सकता है। इसकी मेंथॉल वाली गंध चूहों को पसंद नहीं आती। हालांकि, तेल जल्दी उड़ जाता है, इसलिए इसे हर तीन से चार दिन में दोबारा इस्तेमाल करना पड़ सकता है। इंजन वाली जगह में नेफथलीन की गोलियां न रखें। ये ज्वलनशील हो सकती हैं और इनसे निकलने वाले जहरीले धुएं AC के रास्ते केबिन में पहुंच सकते हैं।
कार की सफाई और पार्किंग का रखें ध्यान
कार के अंदर बिस्किट के टुकड़े, खाने के रैपर या अन्य खाद्य पदार्थ न छोड़ें। फ्लोर मैट और केबिन को नियमित रूप से साफ रखें। इसके अलावा, कूड़ेदान, सब्जी मंडी और खुले नालों के पास कार पार्क करने से बचें। संभव हो तो खुली और रोशनी वाली जगह चुनें। अगर इंजन वाली जगह में चूहों की बीट या उनके आने-जाने के निशान दिखाई दें, तो सफाई करें। चूहे अपने पीछे पेशाब और फेरोमोन के जरिए गंध के निशान छोड़ते हैं, जो दूसरे चूहों को भी उसी जगह आकर्षित कर सकते हैं।
Related Articles
यात्रा पूरी होने से पहले 'टिप' मांगने पर ओला पर 10 लाख रुपए का जुर्माना, सीसीपीए ने प्रैक्टिस बंद करने का दिया आदेश
कार में Dashcam लगवाने से खत्म हो सकती है वारंटी? जानिए Hardwiring के फायदे, नुकसान और सही इंस्टॉलेशन का तरीका
Maruti Wagon R पर नवंबर में मिल रहा ₹64,600 तक का डिस्काउंट? जानें कीमत, माइलेज और ऑफर्स की पूरी डिटेल
कम मेंटेनेंस वाली कार खरीदना चाहते हैं? Maruti की Alto K10 और Wagon R सहित ये 3 गाड़ियां हैं बेहतर विकल्प





























