BMW की EV सेल्स में 246 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल, 2025 में बनाया नया बिक्री रिकॉर्ड
BMW ग्रुप इंडिया ने 2025 में लग्जरी कार सेगमेंट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जनवरी से सितंबर के बीच कंपनी ने कुल 11,978 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। इस वृद्धि का मुख्य कारण इलेक्ट्रिक वाहनों, लॉन्ग व्हीलबेस सेडान और SUVs की बढ़ती मांग रही है। इसके साथ ही GST में सुधार और त्योहारी सीजन के ऑफर्स ने ग्राहकों को आकर्षित किया है। खासतौर पर तीसरी तिमाही BMW के लिए बेहद सफल रही, जिसमें कंपनी ने 4,204 यूनिट्स बेचीं, जो सालाना आधार पर 21 प्रतिशत की तेजी दर्शाता है। ईवी सेल्स में BMW और MINI ने मिलकर इस साल पहली नौ महीनों में 2,509 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 246 प्रतिशत अधिक है। iX1 मॉडल इस सेगमेंट में सबसे ज्यादा बिकने वाला वाहन रहा। अब BMW की कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों का हिस्सा 21 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। कंपनी अपने ग्राहकों को BMW Destination Charging, Smart E-Routing और मुफ्त वॉल बॉक्स इंस्टॉलेशन जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है, जिससे EV चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत किया जा सके। लॉन्ग व्हीलबेस मॉडल्स की मांग भी इस ग्रोथ में अहम भूमिका निभा रही है। इस सेगमेंट की बिक्री 169 प्रतिशत बढ़कर 5,720 यूनिट्स तक पहुंच गई है। इसमें 3 सीरीज, 5 सीरीज, 7 सीरीज और iX1 के लॉन्ग व्हीलबेस वेरिएंट शामिल हैं, जो अब BMW की आधी बिक्री का हिस्सा बन गए हैं। 3 सीरीज अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है, जबकि 7 सीरीज अभी भी देश की सबसे लग्जरी फ्लैगशिप सेडान बनी हुई है। SUV सेगमेंट में भी BMW का दबदबा कायम है। इस साल कंपनी ने 7,040 SUVs बेचीं, जो पिछले साल के मुकाबले 19 प्रतिशत ज्यादा हैं। इनमें X1 मॉडल सबसे ज्यादा बिकने वाला रहा, जिसने कुल SUV बिक्री का 30 प्रतिशत से अधिक हिस्सा लिया। फ्लैगशिप X7 ने लग्जरी SUV कैटेगरी में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी। MINI ब्रांड ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और 468 यूनिट्स की बिक्री की। वहीं, BMW Motorrad ने 3,976 बाइक यूनिट्स की बिक्री की है। BMW की योजना है कि साल के अंत तक वह 9 शहरों में 11 नए डीलरशिप टचपॉइंट्स खोलकर अपनी पहुंच और बढ़ाएगा।
Related Articles
Tata Safari EV: जनवरी 2027 में आ सकती है टाटा की नई इलेक्ट्रिक SUV, 600 किमी से ज्यादा रेंज की उम्मीद
Volkswagen Virtus Facelift: दिसंबर में लॉन्च हो सकती है नई सेडान, मिलेंगे बड़े डिजाइन अपडेट और नया ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
Second Hand Car Buying Tips: पुरानी कार खरीदने से पहले इन 7 बातों का रखें ध्यान, वरना बढ़ सकता है खर्च






























