Skoda Slavia Facelift 6 अक्टूबर को होगी लॉन्च, 15 हजार रुपये में बुकिंग शुरू; Kushaq वाला रियर सीट मसाजर भी मिलेगा
Skoda Slavia Facelift को भारतीय बाजार में 6 अक्टूबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने लॉन्च से पहले कार को अनवील कर दिया है और इसकी 15,000 रुपये में प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है। नई Slavia का प्रोडक्शन पुणे के चाकन स्थित Skoda Auto Volkswagen India के प्लांट में शुरू हो गया है। फेसलिफ्ट मॉडल में डिजाइन अपडेट के साथ कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं, जिनमें रियर-सीट मसाजर खास आकर्षण है। नया डिजाइन और शार्प लुक Slavia Facelift के एक्सटीरियर में कई बदलाव किए गए हैं। कार में अपडेटेड हेडलाइट्स और टेल-लैंप्स के साथ नए डिजाइन के बंपर दिए गए हैं। इसके अलावा स्पोर्टी लुक वाले 16-इंच अलॉय व्हील्स मिलते हैं। रियर में टेल-लैंप्स को अपडेट किया गया है और इनमें सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर्स दिए गए हैं। नई Slavia को Arctic Silver और Cappuccino Beige जैसे नए पेंट विकल्प भी मिलेंगे। इंटीरियर में मिलेंगे कई प्रीमियम फीचर्स केबिन का बेसिक लेआउट मौजूदा मॉडल जैसा ही रखा गया है, लेकिन फीचर्स को अपडेट किया गया है। इसमें 10.1-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन और पहले की 8-इंच यूनिट की जगह 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। कार के प्रमुख फीचर्स में सिंगल-पेन सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, पावर्ड एवं वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, रियर-सीट मसाजर और वायरलेस Apple CarPlay एवं Android Auto शामिल हैं। एयर कंडीशनिंग सिस्टम में भी बदलाव किया गया है। कंपनी ने फिक्स्ड-ज्योमेट्री एसी कंप्रेसर की जगह वेरिएबल-ज्योमेट्री यूनिट का इस्तेमाल किया है, जिससे एसी की परफॉर्मेंस बेहतर होने की उम्मीद है। इंजन में बदलाव नहीं Slavia Facelift में मौजूदा मॉडल के दोनों टर्बो-पेट्रोल इंजन जारी रहेंगे। इसमें 1.0-लीटर इंजन 115hp और 178Nm का आउटपुट देता है, जबकि 1.5-लीटर इंजन 150hp और 250Nm का पावर-टॉर्क जनरेट करता है। 1.0-लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा। वहीं 1.5-लीटर इंजन को 7-स्पीड DCT के साथ पेश किया जाएगा। कीमत कितनी हो सकती है? मौजूदा Skoda Slavia की एक्स-शोरूम कीमत करीब 9.99 लाख रुपये से 18.29 लाख रुपये के बीच है। फेसलिफ्ट में अतिरिक्त फीचर्स और अपडेट के चलते इसकी कीमत मौजूदा मॉडल की तुलना में कुछ अधिक होने की उम्मीद है। कंपनी लॉन्च के समय इसकी आधिकारिक कीमतों की घोषणा करेगी।


































