Categories:HOME > Car > Economy Car

नई 2027 Jeep Avenger लॉन्च: मॉडर्न डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और 85th एनिवर्सरी एडिशन के साथ पेश हुई छोटी SUV

नई 2027 Jeep Avenger लॉन्च: मॉडर्न डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और 85th एनिवर्सरी एडिशन के साथ पेश हुई छोटी SUV

सबकी पसंदीदा जीप ने ग्लोबल मार्केट में अपनी सबसे छोटी और मशहूर एसयूवी जीप एवेंजर का 2027 माडल पेश कर दिया है। कंपनी ने इस मिड-साइकिल अपडेट (फेसलिफ्ट) में गाड़ी के लुक को मॉडर्न बनाया है, केबिन को नया टच दिया है और साथ ही एक नया इंजन भी जोड़ा है। खास बात यह है कि जीप अपनी 85वीं वर्षगांठ मना रही है। इसलिए इस नई कार का एक स्पेशल एनिवर्सरी एडिशन भी लॉन्च किया जाएगा। आइए जानते हैं कि नई 2027 जीप एवेंजर में क्या कुछ खास और नया मिलने वाला है।


बाहर से कितनी बदल गई नई जीप एवेंजर?



जीप ने अपनी इस छोटी एसयूवी के लुक को पहले से कहीं ज्यादा स्पोर्टी और मॉडर्न बना दिया है। कार के फ्रंट लुक की बात करें तो जीप की पहचान मानी जाने वाली पारंपरिक '7-स्लॉट ग्रिल' को अब LED लाइट्स के साथ अपडेट किया गया है, जिससे यह रात के अंधेरे में भी चमकती हुई बेहद शानदार दिखती है। इसके लुक को और साफ-सुथरा बनाने के लिए ग्रिल के आसपास से ब्लैक बॉर्डर को हटा दिया गया है। सिर्फ ग्रिल ही नहीं, बल्कि कार का अगला बंपर और क्लैडिंग भी अब पहले से कहीं ज्यादा मस्कुलर और मजबूत नजर आते हैं। लाइटिंग के लिए इसमें नए एलईडी मैट्रिक्स हेडलैंप्स दिए गए हैं, जो कार के साइड प्रोफाइल में मिलने वाले नए डिजाइन के 17 और 18-इंच के अलॉय व्हील्स के साथ मिलकर इसे एक दमदार स्टांस देते हैं। इसके अलावा, जीप ने कार के कलर विकल्पों में फॉरेस्ट और बैंबू नाम के दो नए शेड्स भी जोड़े हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन कॉस्मेटिक बदलावों के साथ जीप ने इसकी ऑफ-रोडिंग क्षमता को भी सुधारा है। इससे यह ऊबड़-खाबड़ रास्तों और गहरे गड्ढों को पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसानी से पार कर सकती है।



केबिन और इंटीरियर में प्रीमियम फील



नई जीप एवेंजर के अंदर कदम रखते ही आपको एक बिल्कुल नया और बेहद आरामदायक माहौल देखने को मिलेगा। कंपनी ने इसके केबिन को पहले से कहीं ज्यादा प्रीमियम टच दिया है, जहां डैशबोर्ड और दरवाजों पर सॉफ्ट-टच मटेरियल्स का इस्तेमाल साफ नजर आता है। बैठने के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए इसके एल्टीट्यूड और समिट वेरिएंट्स में नई कपड़े और विनाइल की सीट कवर दी गई है। ये इंटीरियर को एक लग्जरी लुक देती है। वहीं, जो लोग इसके हाइब्रिड (4xe) वेरिएंट को चुनेंगे, उन्हें खास तौर पर डिजाइन किया गया ग्रीन इंटीरियर मिलेगा, जिसकी सीट्स न सिर्फ मजबूत हैं बल्कि आसानी से धोने योग्य भी हैं। फीचर्स की बात करें तो अब ड्राइविंग और तंग जगहों पर पार्किंग करना बेहद आसान हो जाएगा। क्योंकि जीप ने इसमें एक नया फ्रंट कैमरा जोड़ा है जो ड्राइवर को कार के आसपास का पूरा 360-डिग्री सराउंड व्यू देता है।



इंजन पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक तीनों विकल्प



2027 जीप एवेंजर में ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से इंजन के कई सारे विकल्प मिलने वाले हैं। इसमें सबसे बड़ा बदलाव एक नए पेट्रोल इंजन के रूप में सामने आया है। कार में अब नया 1.2-लीटर का 3-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन जोड़ा गया है, जो 100 bhp की पावर और 205 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ लाया गया है और इसकी लाइफ व मजबूती को बढ़ाने के लिए कंपनी ने इसके अंदरूनी पार्ट्स को पहले से काफी अपग्रेड किया है। इसके अलावा, जो लोग ऑटोमैटिक का मजा लेना चाहते हैं, उनके लिए 110 bhp वाला माइल्ड-हाइब्रिड इंजन मौजूद है। ये 6-स्पीड DCT गियरबॉक्स के साथ आता है। इस वेरिएंट में एक छोटी बैटरी मिलती है। इसकी बदौलत कार 30 किमी/घंटा से कम की रफ्तार पर करीब 1 किलोमीटर तक सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड पर रेंग सकती है। ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए इसमें प्लग-इन हाइब्रिड (4xe) का विकल्प भी है, जो ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम और पीछे की तरफ लगी एक एक्स्ट्रा इलेक्ट्रिक मोटर के साथ मिलकर कुल 143 bhp की दमदार पावर पैदा करता है। वहीं, जो लोग पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल चलना चाहते हैं, उनके लिए कार का इलेक्ट्रिक अवतार भी हाजिर है। इसमें 54 kWh का बड़ा बैटरी पैक और 154 bhp की मोटर दी गई है, जो सिंगल चार्ज में पूरे 400 किलोमीटर तक की शानदार ड्राइविंग रेंज देती है और अच्छी बात यह है कि यह 100 kW की फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है जिससे बैटरी मिनटों में चार्ज हो जाती है।



खास आकर्षण: 85th एनिवर्सरी एडिशन



जीप के 85 साल पूरे होने की खुशी में आने वाले इस स्पेशल एडिशन में ग्राहकों को कुछ बेहद खास और यूनिक चीजें मिलने वाली हैं, जो इसे रेगुलर मॉडल से बिल्कुल अलग बनाती हैं। अगर इसके एक्सटीरियर की बात करें तो इसमें रात में चमकने वाली एलईडी लाइट्स वाली फ्रंट ग्रिल स्टैंडर्ड दी गई है। कार के फ्रंट बंपर पर खूबसूरत गोल्ड रंग के टच देखने को मिलते हैं और इसके फेंडर पर स्पेशल एनिवर्सरी बैजिंग दी गई है। साथ ही, कार को ज्यादा स्पोर्टी लुक देने के लिए इसमें 18-इंच के शानदार गोल्ड-फिनिश अलॉय व्हील्स भी जोड़े गए हैं। सिर्फ बाहर से ही नहीं, बल्कि कार के अंदर कदम रखते ही आपको एक क्लासिक माहौल मिलेगा। इसके इंटीरियर में खास चेक डिजाइन वाली सीट्स दी गई हैं, जिन पर सुनहरी सिलाई के साथ '85' का खास लोगो छपा हुआ है। यही खूबसूरत सुनहरी सिलाई आपको इसके डैशबोर्ड पर भी देखने को मिलेगी। केबिन के माहौल को और भी शानदार बनाने के लिए इसमें एक मल्टी-कलर एम्बिएंट लाइटिंग सिस्टम भी दिया गया है। ये रात के सफर में कार के अंदर का मूड और लुक पूरी तरह बदल देगा।

@देश की टाॅप 10 बिकने वाली कारें हैं ये

Related Articles

Bollywood

Astrology

Ajabgajab