पुरानी कारों को स्मार्ट बनाने के लिए USB गैजेट्स बनें गेमचेंजर
आज की कारों में दिया गया USB पोर्ट अब सिर्फ मोबाइल चार्जिंग तक सीमित नहीं रह गया है। बाजार में कई स्मार्ट और काम के गैजेट्स आ चुके हैं, जिनकी मदद से आप अपनी पुरानी कार को भी आधुनिक, आरामदायक और सुरक्षित बना सकते हैं। ये गैजेट्स न केवल ड्राइविंग को बेहतर बनाते हैं, बल्कि लंबे सफर को भी मजेदार और सुविधाजनक बना देते हैं।
1. मिनी USB फ्रिज: ठंडी ड्रिंक हमेशा हाथ में
लंबी यात्रा में ठंडा पानी या कोल्ड ड्रिंक मिलने से थकान कम हो जाती है। इस जरूरत को ध्यान में रखकर मिनी USB फ्रिज तैयार किया गया है। यह छोटा और हल्का फ्रिज USB पोर्ट से चलता है और इसमें एक कैन या छोटी बोतल रखी जा सकती है। इसे डैशबोर्ड या सीट के बीच आसानी से रखा जा सकता है। खास बात यह है कि इसे चलाने के लिए भारी बैटरी की जरूरत नहीं होती और चाहें तो पावर बैंक से भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
2. ब्लूटूथ रिसीवर: वायरलेस म्यूजिक और कॉलिंग
अगर आपकी कार पुरानी है और इसमें ब्लूटूथ फीचर नहीं है, तो ब्लूटूथ रिसीवर बहुत काम का साबित होता है। यह छोटा डिवाइस AUX पोर्ट और USB में लगाया जाता है। इसके बाद आप अपने फोन से बिना तार के गाने सुन सकते हैं। इसमें लगा माइक्रोफोन कॉल करने में मदद करता है और यह एक साथ दो मोबाइल फोन से कनेक्ट हो सकता है।
3. पोर्टेबल ह्यूमिडिफायर: ड्राइविंग के दौरान ताजगी
लगातार AC चलाने से कार के अंदर हवा सूखी हो जाती है, जिससे आंखों और गले में परेशानी हो सकती है। इस समस्या से बचने के लिए पोर्टेबल ह्यूमिडिफायर फायदेमंद है। यह हवा में नमी बनाए रखता है और कप होल्डर में आसानी से फिट हो जाता है। पानी खत्म होने पर यह अपने आप बंद हो जाता है और बहुत कम आवाज करता है।
4. HUD: स्पीड का स्मार्ट डिस्प्ले
महंगी कारों की तरह अगर आप भी स्पीड को सीधे सामने वाले शीशे पर देखना चाहते हैं, तो HUD (Head-Up Display) एक बढ़िया विकल्प है। यह USB से चलता है और कार की स्पीड को सीधे विंडशील्ड पर दिखाता है। इसकी रोशनी दिन और रात के अनुसार खुद एडजस्ट हो जाती है, जिससे ड्राइविंग सुरक्षित और आसान बनती है।
इन स्मार्ट USB गैजेट्स की मदद से आपकी पुरानी कार भी आधुनिक और सुविधाजनक बन सकती है। अब लंबे सफर भी आरामदेह और मजेदार बनेंगे।
Related Articles
नई Maruti Brezza Facelift जल्द देगी दस्तक, टर्बो इंजन और प्रीमियम फीचर्स के साथ 23 जुलाई को हो सकती है पेश
































