Categories:HOME > Car > Luxury Car

भारत में जल्द लॉन्च होंगी दमदार परफॉर्मेंस कारें, SUV से लेकर हॉट-हैच तक मचेगा धमाल

भारत में जल्द लॉन्च होंगी दमदार परफॉर्मेंस कारें, SUV से लेकर हॉट-हैच तक मचेगा धमाल

कार बनाने वाली कंपनियां माइलेज और फीचर्स के साथ परफार्मेस पर भी ध्यान दे रही हैं। ग्राहकों को भी ऐसी ही कारें भा रही हैं। यही वजह है कि वाहन निर्माता कंपनियां स्पोर्टी डिजाइन, दमदार इंजन और बेहतर ड्राइविंग अनुभव वाले नए मॉडल्स पर लगातार फोकस कर रही हैं। आइए जानते हैं उन पांच मॉडलों के बारे में जो जल्द ही भारतीय सड़कों पर नजर आ सकते हैं।


स्कोडा काइलाक स्पोर्टलाइन, एसयूवी में मिलेगा स्पोर्टी अंदाज



स्कोडा अपनी लोकप्रिय सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी काइलाक का नया स्पोर्टलाइन वेरिएंट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। सितंबर 2026 में आने वाली इस एसयूवी को पूरी तरह ब्लैक-आउट थीम के साथ पेश किया जाएगा। एक्सटीरियर और इंटीरियर दोनों में स्पोर्टी एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे, जिससे इसका लुक स्टैंडर्ड मॉडल की तुलना में ज्यादा एग्रेसिव नजर आएगा। हालांकि इंजन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और इसमें मौजूदा 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन ही मिलेगा। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹13.65 लाख हो सकती है।



निसान टेक्टान 1.3: मिड-साइज SUV सेगमेंट में नई चुनौती



निसान अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए  9 जुलाई 2026 को नई निसान टेक्टॉन लॉन्च करने जा रही है। यह एसयूवी रेनो डस्टर के नए प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, लेकिन इसका डिजाइन निसान की वैश्विक एसयूवी लाइनअप से प्रेरित और अलग पहचान वाला हो सकता है। इसके टॉप वेरिएंट में 1.3-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 160 bhp की पावर पैदा करेगा। ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड वेट-क्लच DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प उपलब्ध होगा।


स्कोडा कोडियाक आरएस: फैमिली SUV में स्पोर्ट्स कार वाला दम



स्कोडा अपनी कोडियाक RS को भारतीय बाजार में 22 जून को लॉन्च कर सकती है। इसमें आपको 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 263 bhp की पावर और 400 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम के साथ यह SUV केवल 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें 20-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स और स्पोर्टी ऑल-ब्लैक केबिन जैसी विशेषताएं भी दी गई हैं।



स्कोडा आक्टेविया आरएस: परफॉर्मेंस सेडान की दमदार वापसी परफॉर्मेंस सेडान पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए स्कोडा ऑक्टेविया RS एक बार फिर भारतीय बाजार में वापसी करने जा रही है। पिछले साल सीमित संख्या में उपलब्ध कराई गई इस कार को ग्राहकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। अब कंपनी फेस्टिव सीजन के दौरान इसका दूसरा बैच लाने की तैयारी कर रही है। इसमें 2.0-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 263 bhp की पावर और 370 Nm का टॉर्क पैदा करता है। 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स के साथ इसकी टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।



फोक्सवैगन गोल्फ जीटीआई: हॉट-हैचबैक का धमाका



फोक्सवैगन गोल्फ GTI का दूसरा बैच भी भारतीय बाजार में आने वाला है। पिछले साल इसकी पहली 250 यूनिट्स बेहद कम समय में बिक गई थीं, जिससे इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस कार में 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 263 bhp की पावर उत्पन्न करता है। गोल्फ GTI केवल 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड हासिल कर सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 267 किमी/घंटा तक जाती है।



क्यों बढ़ रहा है परफॉर्मेंस कारों का क्रेज



एक्सपर्ट्स के अनुसार भारतीय ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है। अब लोग केवल आरामदायक और फीचर-लोडेड वाहन ही नहीं, बल्कि बेहतर एक्सीलरेशन, स्पोर्टी डिजाइन और प्रीमियम ड्राइविंग अनुभव भी चाहते हैं। यही वजह है कि कंपनियां SUV, सेडान और हॉट-हैचबैक सेगमेंट में ऐसे मॉडल्स ला रही हैं जो रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ रोमांचक ड्राइविंग अनुभव भी दे सकें।

@देश में पाॅपुलर हैं 150cc की ये मोटरसाइकिलें

Related Articles

Bollywood

Astrology

Ajabgajab