होंडा ने लॉन्च की नई NX500 ई-क्लच बाइक, बिना क्लच दबाए बदलेगा गियर
होंडा कंपनी ने अपनी नई बाइक एनएक्स 500 को लान्च कर दिया है। यह बाइक ई क्लच टेक्नोलॉजी के साथ ग्राहकों को मिलेगी। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹7.44 लाख है। इस नई तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब राइडर को गियर बदलते समय क्लच लीवर का इस्तेमाल नहीं करना होगा। होंडा की ई-क्लच तकनीक में इलेक्ट्रॉनिक एक्चुएटर्स का इस्तेमाल किया गया है। यह गियर शिफ्ट करते समय या बाइक को रोकते और शुरू करते समय क्लच को अपने आप ऑपरेट करता है।
खास बात यह है कि राइडर जब चाहे क्लच का मैनुअल कंट्रोल अपने हाथ में ले सकता है। बाइक में क्लच लीवर और गियर पैडल दोनों दिए गए हैं। ई-क्लच मैकेनिज्म काफी कॉम्पैक्ट है, जिससे बाइक का वजन केवल 3 किलो बढ़ा है और अब इसका कुल वजन 199 किलो हो गया है।
पुराने मॉडल के मुकाबले ₹1.11 लाख महंगी
कीमत के मामले में नई NX500 पहले के मुकाबले काफी महंगी हो गई है। ई-क्लच वेरिएंट की कीमत पुराने मॉडल (कन्वेंशनल क्लच) से ₹1.11 लाख ज्यादा है। मार्केट में इसका सीधा मुकाबला BMW F 450 GS ट्रॉफी (कीमत ₹5.30 लाख) और कावासाकी वर्सिस 650 (कीमत ₹8.63 लाख) से होगा। होंडा की यह बाइक अपनी मजबूती और कम मेंटेनेंस खर्च के लिए जानी जाती है।
इंजन और परफॉर्मेंस में कोई बदलाव नहीं
ई-क्लच के अलावा बाइक के बाकी मैकेनिकल फीचर्स पहले जैसे ही हैं। इसमें वही पुराना 471cc का ट्विन-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है।
इंजन 8,500 rpm पर 47hp की पावर जनरेट करता है। बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। सस्पेंशन के लिए फ्रंट में USD फोर्क और रियर में मोनोशॉक दिए गए हैं।
ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 296mm के दो डिस्क ब्रेक और रियर में 240mm का सिंगल डिस्क ब्रेक मिलता है। सुरक्षा के लिए इसमें डुअल चैनल ABS दिया गया है।
बुकिंग शुरू, दो रंगों में उपलब्ध
NX500 ई-क्लच को दो रंगों - व्हाइट और ब्लैक में पेश किया गया है। सभी ऑथोराइज्ड होंडा बिगविंग डीलरशिप पर इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। बाइक में 5-इंच की TFT स्क्रीन और स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, इसमें राइडिंग मोड नहीं दिए गए हैं।
@रफ्तार की बादशाह हैं ये टाॅप 5 कारें, मर्सिडीज़, पोर्श भी हैं पीछे


































