बजाज की नई एडवेंचर बाइक की टेस्टिंग शुरू, KTM इंजन से मिलेगी टक्कर
बजाज बाइकर्स के लिए नई एडवेंचर बाइक लेकर आ रहा है जो कि केटीएम के इंजन को टक्कर देगी। इसके लिए बजाज ऑटो ने बाइक की पहली बार टेस्टिंग भी कर ली है। इससे संकेत मिलते हैं कि कंपनी जल्द ही ADV सेगमेंट में अपनी मजबूत एंट्री करने की तैयारी कर रही है। लीक हुई तस्वीरों में बाइक को लंबी ट्रैवल सस्पेंशन, वायर-स्पोक व्हील्स, ऊंचे फ्रंट बीक और टूरिंग-फ्रेंडली डिजाइन के साथ देखा गया है। इस साल की शुरुआत में, बजाज ने 125cc से 250cc सेगमेंट में 8 नई बाइक्स लॉन्च करने का एलान किया था। इनमें एक बिल्कुल नई एडवेंचर (ADV) बाइक भी शामिल थी। अब इस अपकमिंग बजाज एडवेंचर बाइक टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। बजाज वर्षों से KTM के लिए एडवेंचर बाइक्स बना रही है, लेकिन यह पहली बार है जब कंपनी अपने खुद के ब्रांड के तहत एक असली और दमदार एडवेंचर टूरर बाइक लेकर आ रही है।
खास एडवेंचर और ऑफ-रोडिंग डिजाइन
लीक हुई जासूसी तस्वीरों से साफ पता चलता है कि यह कोई आम रोडस्टर बाइक नहीं है जिसे सिर्फ एडवेंचर जैसा लुक दे दिया गया हो। इसे असल में लंबे सफर और ऑफ-रोडिंग दोनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस टेस्टिंग मॉडल में ये खास चीजें देखने को मिली हैं।
ये है खासियत
शानदार लुक: बाइक में एक ऊंचा फ्रंट बीक, सीधे बैठकर चलाने वाला पोस्चर और लंबी सिंगल-पीस सीट दी गई है।
पतला फ्यूल टैंक: इसका फ्यूल टैंक घुटनों के पास से थोड़ा पतला है। इसका फायदा यह होगा कि ऑफ-रोडिंग के दौरान राइडर आराम से खड़े होकर बाइक चला सकेगा।
टूरिंग के लिए तैयार: टेस्टिंग मॉडल में पीछे एक टॉप बॉक्स (लगेज के लिए) भी लगा हुआ था, जो इसके टूरिंग इरादों को साफ करता है। बॉक्स होने के बावजूद पीछे बैठने वाले के लिए अच्छी खासी जगह मौजूद है।
पहिए और सस्पेंशन: उबड़-खाबड़ रास्तों के लिए इसमें वायर-स्पोक व्हील्स दिए गए हैं (आगे 19-इंच और पीछे 17-इंच)। सस्पेंशन की बात करें तो आगे की तरफ लॉन्ग-ट्रैवल टेलिस्कोपिक फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है।
मिलेगा केटीएम का दमदार इंजन
इस बाइक का सबसे दिलचस्प हिस्सा इसका इंजन लग रहा है। इसका इंजन मौजूदा पल्सर N250 या डोमिनार 250 के इंजन जैसा नहीं दिखता। इसकी डिजाइन KTM के नए लिक्विड-कूल्ड इंजनों से काफी मिलती-जुलती है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बजाज इसमें KTM 250 एडवेंचर वाला 249cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन इस्तेमाल कर सकती है। यह इंजन करीब 31 PS की पावर और 25 Nm का टॉर्क देता है। अगर ऐसा होता है, तो यह बाइक अपने सेगमेंट की सबसे दमदार एडवेंचर बाइक्स में से एक बन जाएगी। हालांकि, यह भी मुमकिन है कि बजाज ने इसके लिए कोई बिल्कुल नया इंजन तैयार किया हो।
मॉडर्न फीचर्स से होगी लैस
तस्वीरों को देखकर लगता है कि यह बाइक अपने प्रोडक्शन-रेडी अवतार के काफी करीब है। इसके बॉडी पैनल, एग्जॉस्ट और सीटें पूरी तरह तैयार दिख रही हैं। हालांकि, हेडलाइट और मीटर कंसोल अभी छिपे हुए थे। लेकिन बजाज की हालिया बाइक्स को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, अलग-अलग राइडिंग मोड्स मिल सकते हैं।
कब होगी लॉन्च
मुकाबला: 250cc सेगमेंट में लॉन्च होने पर इस नई बजाज ADV का सीधा मुकाबला हीरो एक्सपल्स 210, सुजुकी वी-स्टोर्म एसएक्स और येजदी एडवेंचर जैसी जबरदस्त बाइक्स से होगा।
कीमत और लॉन्च: बजाज हमेशा से अपनी आक्रामक और किफायती कीमत के लिए जानी जाती है, इसलिए उम्मीद है कि इस बाइक की कीमत भी ग्राहकों के बजट में फिट बैठेगी। यह बाइक 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च की जा सकती है।
@रफ्तार की बादशाह हैं ये टाॅप 5 कारें, मर्सिडीज़, पोर्श भी हैं पीछे


































