मर्सिडीज-बेंज की कारें होंगी महंगी, दो चरणों में कीमतों में ज़बरदस्त बढ़ोतरी की तैयारी
लक्ज़री कार खरीदने का सपना देख रहे ग्राहकों को जल्द ही अपनी जेब पर अतिरिक्त बोझ महसूस हो सकता है, क्योंकि मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी इस साल दो चरणों में अपनी कारों की शोरूम कीमतों में 90,000 रुपये से लेकर 12.2 लाख रुपये तक की वृद्धि करेगी। यह कदम विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में हो रहे उतार-चढ़ाव के प्रभाव को संतुलित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। किस मॉडल पर कितना असर? कंपनी के अनुसार, 1 जून और 1 सितंबर से कीमतों में क्रमशः 1-2% और फिर 1.5% की वृद्धि की जाएगी। इस बढ़ोतरी के तहत, लोकप्रिय सी-क्लास मॉडल की कीमत में 90,000 रुपये का इज़ाफा होगा, जबकि लक्ज़री सेगमेंट में टॉप मॉडल मेबैक एस 680 की कीमत 12.2 लाख रुपये तक बढ़ जाएगी। क्यों की जा रही है यह बढ़ोतरी? मर्सिडीज-बेंज इंडिया के एमडी और सीईओ संतोष अय्यर ने कहा कि कीमतों को दो चरणों में बढ़ाने का निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि ग्राहकों पर वित्तीय दबाव को कम किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले चार महीनों में भारतीय रुपये की वैल्यू में तेज़ गिरावट आई है, जिससे यूरो की तुलना में विनिमय दरों में करीब 10% की गिरावट दर्ज की गई है। इसके कारण, कंपनी को कलपुर्जों के आयात और निर्माण लागत में भारी बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है। अन्य कंपनियां भी बढ़ा रहीं हैं कीमतें मर्सिडीज अकेली कंपनी नहीं है जो कीमतों में इज़ाफा कर रही है। ऑडी इंडिया पहले ही यह घोषणा कर चुकी है कि वह 15 मई से अपनी गाड़ियों की कीमत में 2% तक की बढ़ोतरी करेगी। वहीं बीएमडब्ल्यू ने 1 अप्रैल से बीएमडब्ल्यू और मिनी मॉडल्स की कीमतें तीन प्रतिशत तक बढ़ाई हैं। कंपनी ने इसी साल जनवरी में भी इसी तरह की वृद्धि की थी।
Related Articles
Tata Safari EV: जनवरी 2027 में आ सकती है टाटा की नई इलेक्ट्रिक SUV, 600 किमी से ज्यादा रेंज की उम्मीद
Volkswagen Virtus Facelift: दिसंबर में लॉन्च हो सकती है नई सेडान, मिलेंगे बड़े डिजाइन अपडेट और नया ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
Second Hand Car Buying Tips: पुरानी कार खरीदने से पहले इन 7 बातों का रखें ध्यान, वरना बढ़ सकता है खर्च






























