लद्दाख या स्पीति बाइक राइड से पहले जरूर करें ये 5 काम, रास्ते में नहीं आएगी परेशानी
लेह-लद्दाख या स्पीति वैली की बाइक राइड रोमांच से भरपूर होती है, लेकिन हजारों किलोमीटर का सफर बाइक के लिए चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है। खराब और पथरीली सड़कें, धूल-मिट्टी, ऊंचाई वाले इलाकों में कम ऑक्सीजन और बदलता मौसम बाइक के इंजन व अन्य पार्ट्स पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। ऐसे में सफर के दौरान ब्रेकडाउन से बचने के लिए राइड शुरू करने से पहले बाइक की पूरी जांच करना बेहद जरूरी है। इंजन ऑयल और कूलेंट की जांच करें लंबी दूरी की राइड से पहले बाइक का इंजन ऑयल और ऑयल फिल्टर बदलवा लेना बेहतर रहता है। अगर बाइक लिक्विड-कूल्ड है तो कूलेंट का लेवल और उसकी स्थिति भी जांचें। अच्छी स्थिति में इंजन ऑयल इंजन की लुब्रिकेशन और कूलिंग में मदद करता है। टायर और पंचर किट रखें साथ लद्दाख और स्पीति की पथरीली सड़कों पर टायरों की अच्छी ग्रिप बेहद जरूरी है। राइड से पहले टायरों की कंडीशन, ट्रेड डेप्थ और एयर प्रेशर जरूर जांचें। ज्यादा घिसे हुए टायरों को बदलवा लें। सफर में पंचर रिपेयर किट, पोर्टेबल एयर पंप और ट्यूब वाले टायरों के लिए अतिरिक्त ट्यूब साथ रखना उपयोगी रहेगा। ब्रेक पैड और फ्लूइड की जांच जरूरी पहाड़ी रास्तों पर ढलान के दौरान ब्रेक का इस्तेमाल ज्यादा होता है। इसलिए राइड से पहले फ्रंट और रियर दोनों ब्रेक पैड की मोटाई जांचें। ज्यादा घिसे हुए पैड को बदलवा लें। इसके अलावा ब्रेक फ्लूइड का लेवल और ब्रेक लीवर की फ्री-प्ले भी जांचना चाहिए, ताकि सफर के दौरान ब्रेकिंग से जुड़ी समस्या न आए। चेन ड्राइव की सर्विस कराएं लंबी राइड में धूल, पानी और कीचड़ के कारण बाइक की चेन जल्दी गंदी और ढीली हो सकती है। इसलिए निकलने से पहले चेन को अच्छी तरह साफ करके लुब्रिकेट करें और उसका टेंशन सही करवाएं। अगर चेन या स्प्रोकेट ज्यादा घिस चुके हैं तो जरूरत के अनुसार पूरा चेन-स्प्रोकेट सेट बदलवा लें। लंबी यात्रा के लिए चेन ल्यूब स्प्रे साथ रखना भी फायदेमंद रहेगा। बैटरी और स्पेयर पार्ट्स भी रखें ठंडे और ऊंचाई वाले इलाकों में बाइक की बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इसलिए राइड से पहले बैटरी का वोल्टेज, टर्मिनल और ओवरऑल कंडीशन जांचें। इसके साथ स्पेयर फ्यूज, स्पार्क प्लग, जरूरी कंट्रोल केबल्स और बेसिक टूलकिट साथ रखें, ताकि रास्ते में छोटी-मोटी खराबी होने पर तत्काल समाधान किया जा सके। लंबी राइड से पहले पूरी बाइक की जांच जरूरी लद्दाख या स्पीति जाने से पहले बाइक की पूरी सर्विस कराना बेहतर है। लाइट्स, हॉर्न, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, सस्पेंशन और जरूरी बोल्ट-नट की भी जांच करा लें। साथ ही हेलमेट और अन्य जरूरी सेफ्टी गियर जरूर पहनें।


































