रॉयल एनफील्ड हिमालयन 750 जल्द होगी पेश? 55hp इंजन और क्रूज कंट्रोल समेत मिल सकते हैं ये फीचर्स
रॉयल एनफील्ड अपनी लोकप्रिय हिमालयन फैमिली का विस्तार जल्द ही एक नई और ज्यादा पावरफुल मोटरसाइकिल के साथ कर सकती है। कंपनी ने हाल ही में हिमालयन 750 को लद्दाख के लेह में शोकेस किया है। यहां बाइक के डिजाइन के साथ इसके हार्डवेयर और कई संभावित फीचर्स की जानकारी सामने आई है। इससे पहले भी इस मोटरसाइकिल के प्रोटोटाइप को भारत और विदेशों में टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है। हिमालयन 750 को रॉयल एनफील्ड की अब तक की सबसे बड़ी एडवेंचर मोटरसाइकिल माना जा रहा है। यह मौजूदा हिमालयन 450 से ज्यादा पावरफुल हो सकती है। बाइक को लंबी दूरी की टूरिंग के साथ हल्के ऑफ-रोड इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार किए जाने की संभावना है। 750cc पैरेलल-ट्विन इंजन हिमालयन 750 में नया 750cc पैरेलल-ट्विन इंजन मिलने की उम्मीद है। मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह इंजन एयर-एंड-ऑयल-कूल्ड हो सकता है और इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा जा सकता है। कंपनी ने अभी तक इसके आधिकारिक पावर और टॉर्क आंकड़े जारी नहीं किए हैं। हालांकि, रिपोर्ट्स में इस इंजन के करीब 55hp की पावर और लगभग 60Nm का टॉर्क देने का अनुमान लगाया जा रहा है। यह इंजन रॉयल एनफील्ड के मौजूदा 650cc पैरेलल-ट्विन इंजन से ज्यादा पावरफुल हो सकता है। इससे हाईवे पर बाइक की परफॉर्मेंस और लंबी दूरी की क्रूजिंग क्षमता बेहतर होने की उम्मीद है। बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि क्विकशिफ्टर को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इसमें स्लिपर और असिस्ट क्लच मिलने की संभावना है। 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर व्हील हिमालयन 750 के डिजाइन और हार्डवेयर में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। लेह में दिखाई गई रोड-बायस्ड बाइक में 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर अलॉय व्हील नजर आए हैं। इससे संकेत मिलता है कि यह हिमालयन 450 की तुलना में ज्यादा रोड-टूरिंग फोकस्ड मोटरसाइकिल हो सकती है। हिमालयन 450 में 21-इंच का फ्रंट व्हील मिलता है। रॉयल एनफील्ड इसके किसी अन्य वेरिएंट में स्पोक व्हील भी पेश कर सकती है। इससे ग्राहकों को रोड-बायस्ड और ज्यादा ऑफ-रोड फोकस्ड सेटअप के बीच विकल्प मिलने की संभावना है। प्रीमियम सस्पेंशन सेटअप नई हिमालयन 750 में प्रीमियम सस्पेंशन सेटअप मिलने की उम्मीद है। इसके फ्रंट में इनवर्टेड USD फोर्क्स दिए गए हैं, जिनमें एडजस्टमेंट की सुविधा मिल सकती है। पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। शोकेस की गई बाइक में फ्रंट सस्पेंशन पर प्रीलोड और कंप्रेशन एडजस्टमेंट तथा रियर में एडजस्टेबल मोनोशॉक देखा गया है। इससे राइडर अपने वजन, सामान और राइडिंग कंडीशन के अनुसार सस्पेंशन सेटअप को बदल सकेगा। पहली बार मिल सकता है क्रूज कंट्रोल हिमालयन 750 की सबसे बड़ी खासियतों में इसके इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स शामिल हो सकते हैं। यह रॉयल एनफील्ड की पहली मोटरसाइकिल हो सकती है, जिसमें क्रूज कंट्रोल और ट्रैक्शन कंट्रोल दोनों दिए जाएं। शोकेस की गई बाइक के स्विचगियर पर इन फीचर्स के लिए अलग-अलग कंट्रोल भी दिखाई दिए हैं। इसके अलावा बाइक में अलग-अलग राइडिंग मोड्स मिलने की उम्मीद है। इनके जरिए थ्रॉटल रिस्पॉन्स और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को अलग-अलग सड़क और राइडिंग परिस्थितियों के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकेगा। TFT डिस्प्ले और गूगल मैप्स नेविगेशन हिमालयन 750 में हिमालयन 450 जैसा राउंड TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ Google Maps आधारित नेविगेशन की सुविधा मिल सकती है। इसके जरिए राइडर कॉल और SMS अलर्ट भी देख सकेगा। बाइक में USB Type-C चार्जिंग पोर्ट भी देखा गया है, जो लंबी दूरी की यात्रा के दौरान स्मार्टफोन और अन्य डिवाइस चार्ज करने में उपयोगी होगा। बड़ा फ्यूल टैंक और दमदार रोड प्रेजेंस डिजाइन की बात करें तो हिमालयन 750 का लुक हिमालयन परिवार से जुड़ा हुआ है, लेकिन इसका आकार बड़ा और रोड प्रेजेंस ज्यादा दमदार नजर आता है। इसमें गोल LED हेडलाइट, बड़ा फ्यूल टैंक, बड़े टैंक श्राउड्स, लंबी विंडस्क्रीन और स्प्लिट सीट सेटअप दिया गया है। इसके अलावा बाइक में अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट और रियर लगेज रैक भी देखने को मिला है। स्प्लिट सीट डिजाइन के कारण पैनियर और टॉप बॉक्स लगाने के लिए पर्याप्त जगह मिलने की उम्मीद है, जिससे यह लंबी दूरी की टूरिंग के लिए उपयोगी हो सकती है। डुअल फ्रंट डिस्क और डुअल-चैनल ABS हिमालयन 750 में आगे की तरफ डुअल डिस्क ब्रेक और पीछे सिंगल डिस्क ब्रेक दिया गया है। इसके साथ डुअल-चैनल ABS मिलने की उम्मीद है। ABS के अलग-अलग मोड भी उपलब्ध हो सकते हैं। ट्रैक्शन कंट्रोल और राइडिंग मोड्स के साथ ये इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम बाइक को अलग-अलग सड़क, मौसम और राइडिंग परिस्थितियों में बेहतर नियंत्रण देने में मदद कर सकते हैं। EICMA 2026 में हो सकता है ग्लोबल डेब्यू फिलहाल रॉयल एनफील्ड ने हिमालयन 750 की आधिकारिक लॉन्च डेट और कीमत का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, मौजूदा रिपोर्ट्स के अनुसार इसका ग्लोबल डेब्यू EICMA 2026 में हो सकता है। भारत में इसे Motoverse 2026 के आसपास लॉन्च किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। Motoverse 2026 का आयोजन 27 से 29 नवंबर के बीच गोवा के वागाटोर में होना है। कीमत को लेकर भी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रिपोर्ट्स में इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹4.5 लाख रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।


































