संभावनाओं का साल 2026 : मारुति ई विटारा से नई रेनॉल्ट डस्टर तक इस साल लॉन्च होंगी कई दमदार गाड़ियां
नई दिल्ली । 2025 में बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद भारतीय ऑटो मार्केट के लिए 2026 शानदार रहने की उम्मीद है। इसकी वजह देशी और विदेशी कार ब्रांड्स की ओर से कई नए मॉडल्स को लॉन्च करना है। 2026 की शुरुआत में मारुति सुजुकी अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार ई विटारा को लॉन्च कर सकती है। इसमें कई बेहतरीन फीचर्स आने की उम्मीद है। इसकी रेंज 500 किलोमीटर से ज्यादा होने की उम्मीद है। महिंद्रा की ओर से भी इस साल एक्सयूवी 7एक्सओ को लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। यह एक्सयूवी 700 का ही नया अवतार होगा। इसमें डैशबोर्ड पर ट्रिपल स्क्रीन दिए जाने की उम्मीद है। इसका इंटीरियर एक्सईवी 9एस से इंस्पायर्ड होने की उम्मीद है। नई किआ सेल्टोस का कंपनी के द्वारा पहले ही अनावरण किया जा चुका है। इसे 2 जनवरी 2026 को लॉन्च किया जाएगा। नई सेल्टोस पहले के मुकाबले लंबी होगी। इसकी चौड़ाई और व्हीलबेस में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। हालांकि, इसका इंजन पुरानी सेल्टोस के जैसा ही होगा। रेनॉल्ट की लोकप्रिय एसयूवी डस्टर के नए मॉडल को 26 जनवरी 2026 को लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने इसका टीजर पहले ही जारी कर दिया है और इसका डिजाइन और फीचर्स पहले के मुकाबले प्रीमियम होने की उम्मीद है। टाटा मोटर्स की लोकप्रिय कार पंच का फेसलिफ्ट भी इस साल लॉन्च किया जाता है। इसमें एक्सटीरियर के साथ इंटीरियर में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, यह इस साल किस महीने में लॉन्च की जाएगी, अभी तय नहीं है। महिंद्रा इस साल अपनी लोकप्रिय एसयूवी स्कॉर्पियो एन के फेसलिफ्ट अवतार को लॉन्च कर सकता है। नए फेसलिफ्ट में एक्सटीरियर में छोटे, लेकिन इंटीरियर में बड़े बदलाव होने की उम्मीद है। इसके अलावा, टाटा मोटर्स अपनी नई एसयूवी सियारा के ईवी अवतार को लॉन्च कर सकता है। इसके अलावा टाटा मोटर्स अपनी हैरियर और सफारी के पेट्रोल अवतार को भी इस साल बाजार में उतार सकता है। --आईएएनएस
Related Articles
Jeep Compass Sport AT लॉन्च, कीमत 21.99 लाख रुपये; पहली बार एंट्री-लेवल वेरिएंट में मिला 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
Maruti Wagon R Facelift 2026: नए डिजाइन और 3-सिलेंडर इंजन के साथ आ सकती है वैगन आर, CNG टैंक में भी होगा बदलाव!































