स्कोडा ऑक्टाविया आरएस की फिर एंट्री, 56.69 लाख रुपये कीमत, भारत में आएंगी सिर्फ 50 यूनिट्स
स्कोडा ने प्रीमियम परफॉर्मेंस सेडान ऑक्टाविया आरएस को बाजार में एक बार फिर बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिया है। हालांकि, इस बार भारतीय खरीदारों को इस पावरफुल सेडान के लिए काफी ज्यादा कीमत चुकानी होगी। इसके दूसरे बैच की एक्स-शोरूम कीमत 56.69 लाख रुपये तय की गई है। जो पिछले साल 49.99 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च हुए पहले बैच की तुलना में 6.70 लाख रुपये अधिक है। यह नया मॉडल पिछली पीढ़ी की 'Octavia RS 245' की तुलना में भी लगभग 14 लाख रुपये ज्यादा महंगा है। भारत में इस बैच के कितने यूनिट्स बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे और डिलीवरी कब से शुरू होगी? स्कोडा ऑक्टाविया आरएस का दूसरा बैच एक्सक्लूसिव लिमिटेड यूनिट्स: पिछले साल पहले बैच में 100 यूनिट्स पेश की गई थीं, जो भारत में कार के आधिकारिक डेब्यू से पहले ही पूरी तरह बिक गई थीं। हालांकि, इस बार कंपनी केवल 50 यूनिट्स ही भारतीय बाजार में ला रही है। डिलीवरी टाइमलाइन: कंपनी के अनुसार, इन सीमित 50 यूनिट्स की डिलीवरी अगले हफ्ते से शुरू कर दी जाएगी। इंजन और ड्राइविंग परफॉर्मेंस पावरफुल इंजन: इसमें VW ग्रुप का EA888 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो भारत-स्पेक मॉडल में 265 bhp की पावर और 370 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस पावर को 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के जरिए केवल फ्रंट व्हील्स तक भेजा जाता है। स्कोडा का दावा है कि यह कार महज 6.4 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। इस कार की टॉप स्पीड 250 किमी प्रति घंटा है। इसके साथ स्पोर्ट्स एग्जॉस्ट भी स्टैंडर्ड मिलता है। हालांकि, भारतीय वेरिएंट में 'डायनामिक चेसिस कंट्रोल' (DCC) फीचर शामिल नहीं है। जो सड़क की स्थिति के अनुसार सस्पेंशन डैम्पिंग और स्टीयरिंग रिस्पॉन्स को एडजस्ट करता है। डिजाइन और इंटीरियर इसमें नए डिजाइन के बंपर, ब्लैक-आउट एक्सटीरियर डिटेलिंग, आरएस बैजिंग, रियर लिप स्पॉइलर और 19-इंच के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। यह कार पांच रंगों में उपलब्ध होगी। जिसमें कैंडी व्हाइट, मैजिक ब्लैक, माम्बा ग्रीन, रेस ब्लू और वेलवेट रेड जैसे रंग शामिल हैं। केबिन को ऑल-ब्लैक थीम के साथ रेड कंट्रास्ट स्टिचिंग, स्पॉर्टी सीट्स और आरएस-विशिष्ट फ्लैट-बॉटम 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील से सजाया गया है।


































