Vespa 2027 Electric Scooter Range: तीन नए इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश, 100 किमी तक मिलेगी रेंज, TFT स्क्रीन और नेविगेशन जैसे फीचर्स
इटली की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Vespa ने साल 2027 के लिए अपनी नई इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज पेश की है। इसमें Sprint S, Primavera और Primavera Tech मॉडल शामिल हैं। कंपनी ने इन स्कूटर्स को खासतौर पर शहरी सफर और रोजाना की आवाजाही को ध्यान में रखकर तैयार किया है। नई रेंज में क्लासिक वेस्पा डिजाइन के साथ इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और आधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। Primavera Tech इस रेंज का सबसे ज्यादा फीचर्स और बेहतर रेंज वाला मॉडल है।
क्लासिक डिजाइन के साथ नए फीचर्स
तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में वेस्पा का जाना-पहचाना डिजाइन देखने को मिलता है। इनमें ऑल-एलईडी लाइटिंग और 12/11 इंच का व्हील सेटअप दिया गया है। आगे की तरफ 110-सेक्शन के टायर मिलते हैं। डिजाइन के मामले में कंपनी ने अपने पारंपरिक स्टाइल को बरकरार रखा है, जबकि फीचर्स और पावरट्रेन में बदलाव किए हैं।
Sprint S और Primavera में 2.3kWh की बैटरी
Vespa Sprint S और स्टैंडर्ड Primavera में एक जैसा पावरट्रेन दिया गया है। दोनों स्कूटर्स में 2.3kWh का रिमूवेबल बैटरी पैक और 3.1kW की मोटर मिलती है। इनकी मोटर 2.7kW की पावर और 200Nm का टॉर्क जनरेट करती है।
इन दोनों मॉडल्स की टॉप स्पीड 45 किलोमीटर प्रति घंटा है। WMTC मानक के अनुसार इनकी रेंज 68 किलोमीटर बताई गई है, जबकि Eco मोड में कंपनी 85 किलोमीटर तक की रेंज का दावा करती है। स्कूटर में रिमूवेबल बैटरी दी गई है, जिसे निकालकर अलग से चार्ज किया जा सकता है।
चार्जिंग के लिए 500W का चार्जर मिलता है। कंपनी के दावे के मुताबिक, इससे बैटरी को शून्य से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में करीब चार घंटे लगते हैं।
Primavera Tech में 4.2kWh बैटरी, 100 किमी तक रेंज
Primavera Tech इस इलेक्ट्रिक रेंज का सबसे ज्यादा रेंज देने वाला मॉडल है। इसमें 4.2kWh का बैटरी पैक और ज्यादा पावरफुल 3.6kW की मोटर दी गई है। WMTC मानक के अनुसार इसकी रेंज 80 किलोमीटर है, जबकि Eco मोड में यह 100 किलोमीटर तक चल सकता है।
फीचर्स की बात करें तो इसमें 4.3 इंच की TFT स्क्रीन दी गई है। यह स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन को सपोर्ट करती है। इसके अलावा स्कूटर में कीलेस इग्निशन, Find My Scooter फीचर और Eco व Power जैसे दो राइडिंग मोड मिलते हैं।
ब्रेकिंग और सेफ्टी फीचर्स
तीनों मॉडल्स में आगे की तरफ 200mm डिस्क ब्रेक और पीछे 140mm ड्रम ब्रेक दिया गया है। हालांकि, Primavera Tech में अतिरिक्त सुरक्षा के लिए सिंगल-चैनल ABS की सुविधा भी मिलती है। इससे ब्रेकिंग के दौरान पहिये के लॉक होने की आशंका कम करने में मदद मिलती है।
शहर में सफर के लिए तैयार नई इलेक्ट्रिक रेंज
Vespa की नई इलेक्ट्रिक रेंज में Sprint S और स्टैंडर्ड Primavera को 45 किलोमीटर प्रति घंटा की टॉप स्पीड के साथ मोपेड कैटेगरी में मंजूरी मिली है। वहीं, Primavera Tech ज्यादा बैटरी क्षमता, बेहतर रेंज और आधुनिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ पेश किया गया है। इन स्कूटर्स की कीमत और भारतीय बाजार में लॉन्च को लेकर फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।
Related Articles
Vespa 2027 Electric Scooter Range: तीन नए इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश, 100 किमी तक मिलेगी रेंज, TFT स्क्रीन और नेविगेशन जैसे फीचर्स
Yamaha Xenter E: 108 किमी की रेंज के साथ आया नया इलेक्ट्रिक स्कूटर, मिलेंगे 16-इंच के बड़े अलॉय व्हील
1 लाख रुपये से कम में मिल रहे 5 फैमिली फ्रेंडली इलेक्ट्रिक स्कूटर, 301 किमी तक की रेंज और कई स्मार्ट फीचर्स






























