मॉनसून के बाद कार की करें खास देखभाल, इन 5 चीजों की जांच करना जरूरी
बारिश का मौसम खत्म होने के बाद कार की देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है। लगातार बारिश, जलभराव, कीचड़ और ज्यादा नमी के कारण कार के टायर, ब्रेक, वाइपर, बैटरी और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स प्रभावित हो सकते हैं। अगर समय रहते इनकी जांच और सफाई नहीं की जाए तो आगे चलकर जंग, बदबू और तकनीकी खराबी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में मॉनसून खत्म होने से पहले कार की इन 5 चीजों की जांच जरूर कर लेनी चाहिए। कार की अच्छी तरह सफाई कराएं बारिश के दौरान कार की अंडरबॉडी, पहियों और निचले हिस्से में मिट्टी, कीचड़ और गंदगी जमा हो जाती है। लंबे समय तक गंदगी और नमी जमा रहने से जंग लगने का खतरा बढ़ सकता है। मॉनसून खत्म होने के बाद कार को बाहर से अच्छी तरह साफ कराने के साथ अंडरबॉडी और व्हील आर्च की भी सफाई कराएं। जरूरत पड़ने पर कार की अंडरबॉडी की विशेष सफाई कराना भी उपयोगी हो सकता है। टायर और ब्रेक की जांच जरूरी गीली सड़कों पर सुरक्षित ड्राइविंग के लिए टायर और ब्रेक का सही स्थिति में होना बेहद महत्वपूर्ण है। बारिश के दौरान टायरों की ग्रिप प्रभावित हो सकती है, इसलिए टायरों में हवा का दबाव और ट्रेड की गहराई जरूर जांचें। अगर टायर काफी घिस चुके हैं या उनमें दरारें दिखाई दे रही हैं तो उन्हें बदलने पर विचार करें। इसके साथ ही ब्रेक लगाते समय असामान्य आवाज, कंपन या सामान्य से ज्यादा ब्रेकिंग दूरी महसूस हो रही हो तो ब्रेक सिस्टम की जांच कराएं। वाइपर और विंडशील्ड को भी न करें नजरअंदाज बारिश में साफ दृश्यता सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जरूरी है। खराब या पुराने वाइपर ब्लेड शीशे से पानी साफ करने के बजाय उस पर निशान छोड़ सकते हैं। मॉनसून के बाद वाइपर ब्लेड की जांच करें। यदि रबर सख्त, फटा हुआ या घिसा हुआ है तो उसे बदल देना बेहतर है। साथ ही विंडशील्ड पर जमा गंदगी और पानी के दाग को भी अच्छी तरह साफ करें। कार की बैटरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम चेक करें बारिश के दौरान ज्यादा नमी का असर बैटरी टर्मिनल और इलेक्ट्रिकल कनेक्शन पर पड़ सकता है। इसलिए मॉनसून खत्म होने के बाद बैटरी की जांच जरूर कराएं। बैटरी टर्मिनल पर जंग या सफेद पाउडर जैसी परत दिखाई दे तो उसकी सफाई कराएं। इसके अलावा हेडलाइट, इंडिकेटर, ब्रेक लाइट और अन्य इलेक्ट्रिकल सिस्टम भी चेक करना चाहिए। कार के अंदर की नमी निकालें बारिश के दौरान जूतों और कपड़ों के साथ पानी कार के अंदर पहुंच सकता है। इससे फ्लोर मैट और कारपेट में नमी जमा हो जाती है। लंबे समय तक नमी रहने से कार के अंदर बदबू और फंगस की समस्या हो सकती है। मॉनसून खत्म होने से पहले फ्लोर मैट और कारपेट को अच्छी तरह सुखाएं। कार के केबिन की सफाई करें और जरूरत महसूस होने पर केबिन एयर फिल्टर की भी जांच कराएं। मॉनसून के बाद एक बार पूरी कार की जांच कराएं बारिश का मौसम खत्म होने के बाद कार की नियमित सर्विस या सामान्य निरीक्षण करा लेना उपयोगी रहता है। खासकर यदि कार जलभराव वाले रास्तों से होकर चली है, तो अंडरबॉडी, ब्रेक, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और इंजन से जुड़े हिस्सों की जांच पर विशेष ध्यान देना चाहिए।


































