2026 में ऑटो इंडस्ट्री का बड़ा धमाका, भारतीय बाजार में 30 से ज्यादा नई गाड़ियां हो सकती हैं लॉन्च
2025 में शानदार फीचर्स और नई तकनीक से लैस कई गाड़ियों की लॉन्चिंग के बाद अब 2026 में भी भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में हलचल तेज होने वाली है। इंडस्ट्री रिपोर्ट्स की मानें तो वर्ष 2026 में पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में 30 से ज्यादा नई गाड़ियां लॉन्च की जा सकती हैं। ऑटो कंपनियां अब डिफेंसिव रणनीति से बाहर निकलकर एग्रेसिव एक्सपेंशन की ओर बढ़ रही हैं, क्योंकि बाजार में डिमांड की स्थिति धीरे-धीरे स्थिर होती नजर आ रही है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो CY2025 में कुल 19 नए मॉडल्स बाजार में उतारे गए, जबकि CY2021 से CY2024 के बीच हर साल औसतन सिर्फ 10 से 11 मॉडल ही लॉन्च हुए थे। इनमें से भी ज्यादातर फेसलिफ्ट या मामूली अपग्रेड वाले मॉडल थे। लेकिन 2026 में तस्वीर बदली हुई नजर आ सकती है। इस साल खासतौर पर प्रीमियम और मिड-सेगमेंट में न्यू-जेनरेशन गाड़ियों की एंट्री होने की पूरी संभावना है, जो डिजाइन, फीचर्स और पावरट्रेन के मामले में बड़ा बदलाव लेकर आएंगी।
2025 में रिकॉर्ड बिक्री, SUV बनीं ग्रोथ की रीढ़
2025 पैसेंजर व्हीकल इंडस्ट्री के लिए ऐतिहासिक साल रहा। इस दौरान कुल बिक्री 4.49 मिलियन यूनिट्स (करीब 44 लाख 90 हजार गाड़ियां) तक पहुंच गई, जो 2024 के मुकाबले करीब 5 फीसदी ज्यादा है। इस ग्रोथ में SUV सेगमेंट की भूमिका सबसे अहम रही, जिसका कुल बिक्री वॉल्यूम में करीब 56 फीसदी योगदान रहा।
सितंबर 2025 में GST में कटौती की घोषणा के बाद दिसंबर 2025 में रिटेल बिक्री में 26.8 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसने बाजार में नई ऊर्जा भर दी।
2026 की शुरुआत में हाई-प्रोफाइल लॉन्च
2026 की शुरुआत कई बड़े लॉन्च के साथ होने जा रही है। Renault की नेक्स्ट जेनरेशन Duster आज यानी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) पर डेब्यू करने वाली है, जिसे लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही टाटा मोटर्स भी अपने नए प्रोडक्ट्स के जरिए बाजार में आक्रामक मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है।
टाटा मोटर्स की ओर से आने वाले महीनों में Sierra EV, Punch EV Facelift और साल के आखिर तक फ्लैगशिप Avinya सीरीज को लॉन्च किया जा सकता है। ये सभी मॉडल्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं।
इलेक्ट्रिक सेगमेंट में भी तेजी
इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी 2026 बेहद अहम साल साबित हो सकता है। वियतनाम की ऑटो कंपनी VinFast भारत में अपने तीन इलेक्ट्रिक मॉडल्स को चरणबद्ध तरीके से लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिसकी शुरुआत 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV से हो सकती है। इसके अलावा Hyundai, MG Motor, Nissan, Volkswagen और Skoda जैसे बड़े ब्रांड्स भी इस साल कई नए मॉडल्स और अपडेटेड वर्जन पेश कर सकते हैं।
हालांकि, फिलहाल यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि कौन-सी कंपनी किस तारीख को अपनी नई गाड़ी लॉन्च करेगी, लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि 2026 भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए नई तकनीक, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और प्रीमियम प्रोडक्ट्स का साल बनने जा रहा है। ग्राहकों के पास इस दौरान ज्यादा विकल्प होंगे और मुकाबला पहले से कहीं ज्यादा दिलचस्प हो जाएगा।
Related Articles
मिशेलिन ने लॉन्च किया नया ट्रक-बस टायर X Multi Energy Z2, 25% तक ज्यादा चलेगा, 13% तक फ्यूल बचाने का दावा
Second Hand Car Buying Tips: पुरानी कार खरीदने से पहले इन 7 बातों का रखें ध्यान, वरना बढ़ सकता है खर्च































